Site icon Grand Gumber News

सरगुजा ओलंपिक: जिला स्तर पर 10,577 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, जूनियर-सीनियर वर्ग में 12 खेल, युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ता उत्साह

छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित सरगुजा ओलंपिक के जिला स्तरीय आयोजनों में सरगुजा संभाग के सभी 6 जिलों से कुल 10,577 खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विकासखंड स्तर पर चयनित विजेता खिलाड़ियों ने अपने-अपने जिला मुख्यालयों में 5 से 13 फरवरी के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्साह और जोश के साथ सहभागिता की।इन आयोजनों में जशपुर बलरामपुर-रामानुजगंज सूरजपुर सरगुजा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया जिलों के खिलाड़ी शामिल हुए।

कुल 12 खेलों में मुकाबले हुए, जिनमें 5 व्यक्तिगत और 7 दलीय खेल शामिल रहे। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, कुश्ती और कराटे, जबकि दलीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल शामिल थे।प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्गों में आयोजित की गईं। जिला स्तरीय विजेता अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। संभाग स्तरीय विजेताओं को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य की खेल अकादमियों में सीधा प्रवेश और यूथ आइकॉन का दर्जा दिया जाएगा।पहले चरण में संभाग के 32 विकासखंडों से 3,49,370 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें 1,59,712 पुरुष और 1,89,658 महिला खिलाड़ी शामिल रहीं।

Exit mobile version