
अंबिकापुर के दरिमा (मां महामाया) एयरपोर्ट से नई दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत के साथ सरगुजा के वर्षों पुराने सपनों को आखिरकार पंख मिल गए हैं। लंबे समय से चली आ रही मांग और बार-बार की निराशा के बाद यह पहल क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आई है, जिससे अब सरगुजा सीधे देश के प्रमुख शहरों से जुड़ गया है।इस ऐतिहासिक पल को और खास बनाते हुए सांसद चिंतामणि महाराज खुद इस उड़ान के पहले यात्री बने।

उन्होंने विमान में यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और मिठाई खिलाकर बधाई दी। यह नजारा उनके जनसरोकार और जनता से गहरे जुड़ाव का प्रतीक बना, जिसने इस शुरुआत को भावुक और यादगार बना दिया।इस सेवा को शुरू कराने के पीछे सांसद का लगातार प्रयास और समर्पण रहा है।

केंद्र और राज्य सरकार, उड्डयन मंत्रालय और विमानन कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर उन्होंने हर बाधा को दूर करने में अहम भूमिका निभाई, जिसके परिणामस्वरूप यह सेवा एक बार फिर शुरू हो सकी।अब एलायंस एयर द्वारा सप्ताह में चार दिन संचालित यह सेवा सरगुजा के विकास को नई रफ्तार देगी।

इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं मैनपाट जैसे पर्यटन स्थलों को भी नई पहचान मिलेगी। यह उड़ान अब सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत बन गई है।




