Site icon Grand Gumber News

सर्पदंश से ढाई साल की मासूम की मौत

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम ओखर से सर्पदंश का दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां ढाई साल की मासूम बच्ची मीना पटेल को रात में सोते समय जहरीले सांप ने काट लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन जागे, लेकिन तब तक वह सांप के जहर का शिकार हो चुकी थी। मृत बच्ची के पिता लक्ष्मण पटेल ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद सभी सोने चले गए थे। करीब 2:30 बजे अचानक बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। परिजन पास पहुंचे तो देखा कि सांप ने उसे डंस लिया है। तुरंत ही उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई। इस दौरान परिजनों को सबसे बड़ी परेशानी एंबुलेंस न मिलने की रही। समय पर एंबुलेंस न मिलने पर उन्होंने प्राइवेट वाहन की व्यवस्था की और किसी तरह बच्ची को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खासतौर पर छोटे बच्चे ही इनका शिकार बन रहे हैं। रात के समय घरों और आंगनों में सांपों की मौजूदगी बढ़ने से दहशत का माहौल है। बरसात के मौसम में सांपों के घरों में घुसने की संभावना अधिक रहती है। इसलिए लोगों को रात में सोते समय बच्चों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। साथ ही घरों में साफ-सफाई बनाए रखना और सांप-रोधी उपाय करना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

Exit mobile version