Site icon Grand Gumber News

सहकारी कर्मचारी संघ की हड़ताल जारी, शासन से नही बनी सहमति

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सहकारी कर्मचारी संघ और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वे 3 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, आंदोलन जारी रहेगा। संघ के सदस्यों ने कहा कि सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन देने के बावजूद अब तक किसी भी स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि वे नियमितीकरण, वेतनमान में सुधार, सेवा सुरक्षा और पदोन्नति जैसी प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। संघ का कहना है कि वर्षों से काम कर रहे कर्मचारियों को स्थाई नहीं किया जा रहा, जिससे उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। संघ के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि धान खरीदी का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं। उनका कहना है कि सरकार यदि चाहती है कि खरीदी व्यवस्था सुचारू रूप से चले, तो जल्द से जल्द उनकी मांगों पर ठोस निर्णय ले। प्रेसवार्ता में संघ ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन जल्द समाधान नहीं निकालता तो हड़ताल को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल कर्मचारी अपने हक की मांग को लेकर एकजुट हैं और उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि उनकी चार सूत्रीय मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Exit mobile version