
शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए साइंस कॉलेज रोड पर बड़ी कार्रवाई की है। निगम को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मौके पर पहुंची टीम ने बिना अनुमति बनाए जा रहे निर्माणों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुल दस दुकानों का मामला सामने आया, जिनमें से छह दुकानें बिना किसी वैधानिक अनुमति के बनाई गई थीं। इनमें से चार दुकानों को मौके पर ही समझाइश दी गई, जबकि सड़क किनारे गाड़ी वाले दुकानों के संचालकों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

वहीं साइंस कॉलेज के पास बिना अनुमति निर्माणाधीन पांच दुकानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि कई लोग नगर निगम के नियमों को दरकिनार कर निर्माण कार्य कर रहे हैं। ऐसे मामलों में पहले नोटिस जारी किया जाता है, लेकिन समय पर जवाब नहीं मिलने या सुधार नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और सड़कों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी निरंतर अभियान चलाया जाएगा। हालांकि शहर के अन्य इलाकों में भी अवैध निर्माण की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिन पर निगम को और अधिक ध्यान केंद्रित कर प्रभावी कार्रवाई करने की जरूरत है।




