Site icon Grand Gumber News

साईं मंदिर के पीछे खाली मकान में गैस सिलेंडर फटा, जोरदार धमाके से मचा हड़कंप लिंगियाडीह में आग लगने से अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची पुलिस और मोहल्लेवालों ने संभाला मोर्चा

सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में साईं मंदिर के पीछे स्थित एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से इलाके में अचानक हड़कंप मच गया। तेज धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर पहुंच गए।जानकारी के अनुसार साईं मंदिर के पीछे गली में स्थित एक खाली मकान में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि इस घर में एक बुजुर्ग दंपति रहते हैं, लेकिन घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। सिलेंडर फटने के बाद घर में आग लग गई और धुआं उठता देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए।आग फैलते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। मोहल्लेवासी अपने स्तर पर आग पर काबू पाने में जुटे रहे और कुछ ही देर में स्थिति को संभाल लिया गया।घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है और सिलेंडर फटने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Exit mobile version