Site icon Grand Gumber News

साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी जनता की समस्याएं, दिए त्वरित निराकरण के निर्देश कलेक्टर ने अधिकारियों की ली टीएल बैठक

जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को लेकर पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर ने हर एक व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुना और समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनदर्शन में सबसे अधिक मामले आवास योजनाओं से संबंधित थे, जिनमें लोगों ने पात्र होने के बावजूद लाभ न मिलने की शिकायत की।

इसके अलावा, जल संकट से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुखता से सामने आईं। कई ग्रामीणों ने पेयजल की गंभीर समस्या के बारे में बताया, जिस पर त्वरित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। कई नागरिकों ने आर्थिक तंगी और बेरोजगारी के चलते आर्थिक सहायता की मांग भी की। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ऐसे मामलों में पात्रता के अनुसार सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशीलता के साथ इन मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके।

जनदर्शन के साथ-साथ सोमवार को टीएल बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों एवं अन्य लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच करने और ज़मीनी स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा

कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि हर सप्ताह सोमवार को जनदर्शन और टीएल बैठक के माध्यम से जनता की समस्याएं सुनना और उनका समाधान प्राथमिकता है। आज भी जिले के दूर-दराज से लोग अपनी समस्याएं लेकर आए, जिन्हें कलेक्टर ने ध्यानपूर्वक सुना और समाधान के उचित प्रयासों का आश्वासन दिया। जनदर्शन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version