
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों एवं शहरवासियों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में लोगों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान सहायक कलेक्टर अरविंथ कुमारन एवं अपर कलेक्टर एसएस दुबे भी मौजूद रहे। लगभग 50 से 60 लोगों ने जनदर्शन में अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। जनदर्शन में ग्राम पंचायत धौराभाठा के सरपंच, सचिव सहित ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला भवन और अतिरिक्त कक्ष के जर्जर होने की शिकायत करते हुए ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने बताया कि भवन की छत से प्लास्टर गिर रहा है और बारिश के दौरान सीपेज की गंभीर समस्या बनी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका है। इस पर नगर निगम आयुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं संत कबीरदास नगर वार्ड 11 के निवासी संजीव पाल ने सड़क व नाली निर्माण की मांग रखी जबकि तालापारा निवासी श्यामकली खूटे ने अग्निकांड से क्षतिग्रस्त आवास के लिए सहायता राशि दिलाने की गुहार लगाई।करबला रोड निवासी जबीन फातिमा ने आवास पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जबकि तखतपुर ब्लॉक के दर्री गांव निवासी लल्लूराम केंवट ने भूमि के पुनः सीमांकन का आवेदन दिया। शुभम विहार कॉलोनी निवासी रमेश कुमार रावल ने वृद्धा पेंशन फार्म जमा नहीं किए जाने की शिकायत की।




