Site icon Grand Gumber News

सामाजिक कार्यकर्ता इरशाद कुरैशी को मिला अटल भारत गौरव राष्ट्रीय सम्मान राष्ट्रीय मंच पर चमका बिलासपुर का नाम

समाजसेवा और मानव उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मदद मीनार फाउंडेशन के संस्थापक इरशाद कुरैशी को प्रतिष्ठित “अटल भारत गौरव राष्ट्रीय सम्मान” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान समारोह 29 अक्टूबर 2025, बुधवार को गुवाहाटी स्थित नॉर्थ ईस्टर्न डेवलपमेंट फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड में आयोजित हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमन डेका सहित देशभर से कई गणमान्य हस्तियां, मंत्रीगण एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इरशाद कुरैशी ने बीते कई वर्षों से समाज के उत्थान, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व विकास, आजीविका मिशन और दलित समुदायों के अधिकारों की दिशा में निरंतर कार्य किया है। उनके नेतृत्व में मदद मीनार फाउंडेशन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समानता और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर अनेक जनहितकारी कार्यक्रम चलाए हैं, जिनसे हजारों युवाओं और महिलाओं को नई दिशा मिली है।“

अटल भारत गौरव राष्ट्रीय सम्मान” अवार्ड्स ट्रस्ट ऑफ इंडिया द्वारा उन विशिष्ट व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन लाने में योगदान दिया है। इरशाद कुरैशी का चयन उनके समर्पण, नवाचार और मानवीय दृष्टिकोण के लिए किया गया है।

छत्तीसगढ़ से इस सम्मान के लिए चयनित होना राज्य के लिए भी गर्व की बात है।इरशाद कुरैशी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी सहयोगियों और संस्थाओं का है जो समाज में बदलाव लाने की दिशा में साथ खड़े हैं।

Exit mobile version