Site icon Grand Gumber News

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती के जनरल वार्ड में युवक की आग लगने से मौत, अस्पताल परिसर में मचा हड़कंप। मामले की जांच में जुटी पुलिस, मृतक की पहचान और घटना के कारणों का नहीं हो सका खुलासा।

सक्ती जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती के जनरल वार्ड में एक युवक की आग लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वार्ड में अन्य मरीज और उनके परिजन मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक युवक के शरीर में आग लगी हुई दिखाई दी, जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवक बुरी तरह झुलस चुका था।घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के प्रयास किए गए, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग लगने की यह घटना आत्मदाह है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस अस्पताल प्रबंधन, ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। इस घटना से अस्पताल परिसर सहित पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है।

Exit mobile version