
सिटी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात पेट्रोलिंग पर निकले आरक्षक की दबंगई का शिकार एक आम नागरिक हो गया। शादी की सालगिरह पर पत्नी और साले के साथ आइसक्रीम खाने रिवर व्यू पहुंचे राहुल सोनी को आरक्षक टंकेश साहू ने इसलिए पीट दिया क्योंकि वह एक ठेले वाले से हो रही बदसलूकी का वीडियो बना रहा था। मारपीट के दौरान आरक्षक ने राहुल की पत्नी से भी धक्कामुक्की की और परिवार के मोबाइल जब्त कर युवक को जबरदस्ती थाने ले गया।राहुल के मुताबिक, आरक्षक ने उसे थाने ले जाने से पहले 2000 रुपये की मांग की। जब राहुल ने रुपए देने से इनकार किया, तो उसे गाड़ी में बैठाकर थाने लाया गया, जहां पूरी रात उसे बेल्ट और प्लास्टिक स्टिक से पीटा गया। थाने पहुंचे परिजनों को भी भगा दिया गया। अगले दिन शाम 6 बजे 151 की कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां मजिस्ट्रेट ने उसे रिहा कर दिया।मारपीट में राहुल की गर्दन पर गंभीर चोट आई है और वह सिर तक नहीं घुमा पा रहा है। दोनों आइब्रो पर कट के गहरे निशान हैं और कपड़े खून से सने हुए थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शनिवार को राहुल का जन्मदिन था, जिसे उसने थाने में पिटते और बैठकर बिताया।इस पूरी घटना से राहुल और उसका परिवार बुरी तरह सहम गया है। थाने की सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की पुष्टि हो सकती है, लेकिन अब तक आरक्षक के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई की जानकारी नहीं है। पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।




