
सावन के पावन महीने में शिव भक्ति का उत्साह चरम पर है। विद्यानगर स्थित अम्बे अपार्टमेंट शिव मंदिर में रुद्र महाभिषेक का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान अपार्टमेंट में रहने वाले श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से भोलेनाथ की पूजा-अर्चना में लीन नजर आए। बिलासपुर के विद्यानगर स्थित अम्बे अपार्टमेंट शिव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और आस्था की त्रिवेणी बहती दिखी। मंदिर प्रांगण में सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।

भक्तों ने जल, दूध, शहद, दही और घी से भगवान शिव का रुद्र महाभिषेक किया।रुद्राभिषेक के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन और यज्ञ की पूर्ण आहुति दी गई।वातावरण हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।मंदिर परिसर में भक्तों ने सामूहिक रूप से भगवान शिव से देश, प्रदेश और बिलासपुर की सुख-समृद्धि की कामना की।पुजारी ने जानकारी दी कि सावन मास में रुद्राभिषेक करना अत्यंत पुण्यकारी होता है।इससे समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और भोलेनाथ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।

इस अनुष्ठान में हर वर्ग के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।आयोजनकर्ता एवं जी न्यूज बिलासपुर के सीईओ प्रतीक मिश्रा ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को मंदिर में विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। इस बार रुद्र महाभिषेक में अपार्टमेंट के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया।

सावन मास में शिव भक्ति की यह पावन यात्रा पूरे माह आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहेगी।अम्बे अपार्टमेंट शिव मंदिर न केवल अपार्टमेंटवासियों के लिए बल्कि समूचे क्षेत्र के लिए भक्ति, समर्पण और सांस्कृतिक एकता का केंद्र बन गया है।

हर सोमवार यहाँ की शिव आराधना नए उल्लास, नई अनुभूति और अद्भुत आध्यात्मिक चेतना के साथ भोलेनाथ की कृपा बरसाती रहेगी।




