Site icon Grand Gumber News

सावन सोमवार पर भक्ति में लीन हुए मुख्यमंत्री, हेलीकॉप्टर से की कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा भोरमदेव मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवभक्तों के साथ की पूजा-अर्चना, 146 करोड़ की परियोजना का किया उल्लेख

सावन मास के तीसरे सोमवार पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भक्ति भाव से ओतप्रोत नजर आए। उन्होंने हेलीकॉप्टर से कवर्धा पहुंचकर प्राचीन भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पहुंचे हजारों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। हर हर महादेव के गगनभेदी जयघोष के बीच पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव भी यात्रा में शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से मिलकर उनका हालचाल जाना और कहा कि बाबा भोरमदेव की यह पावन धरती आस्था और संस्कृति की जीवंत मिसाल है। उन्होंने अमरकंटक से 151 किलोमीटर की पदयात्रा कर पहुंची पंडरिया विधायक भावना बोहरा को सम्मानित भी किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भोरमदेव कॉरिडोर के विकास हेतु स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत 146 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है।

यह परियोजना न केवल मंदिर परिसर को विकसित करेगी बल्कि मड़वा महल, रामचुवा, सरोदा जलाशय तक का समग्र धार्मिक-पर्यटन मार्ग तैयार करेगी।श्रावण मास में बाबा भोरमदेव, बूढ़ा महादेव और डोंगरिया के प्राचीन शिवलिंगों में जलाभिषेक करने हजारों श्रद्धालु कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, खैरागढ़, राजनांदगांव व मध्यप्रदेश के अमरकंटक से नंगे पांव लंबी पदयात्रा करते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी शिवभक्तों को सावन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रद्धा, अनुशासन और शांति के साथ यह यात्रा आस्था की पराकाष्ठा का प्रतीक है।

Exit mobile version