
गणेश उत्सव के दौरान थाना चांपा क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में तीन विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नगद राशि ₹9,030 और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।घटना की रिपोर्ट प्रार्थी अतुल शर्मा निवासी शंकर नगर चांपा ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त की रात लगभग 10:20 बजे उनके पिता ने मंदिर का दरवाजा बंद कर ताला लगाया था। अगली सुबह पूजा के समय देखा गया कि मंदिर के स्टील दरवाजे पर बना स्वास्तिक चिन्ह तोड़कर अज्ञात चोरों ने दान पेटी से रकम चोरी कर ली है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना चांपा व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। स्थानीय लोगों की मदद से दो नाबालिगों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने एक और साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। तीनों की निशानदेही पर नगदी और बाइक बरामद की गई।




