
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिन गहन संवेदनाओं और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से भरा रहा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन हादसे पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और मृतकों की आत्मा की शांति व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।रायगढ़ में आयोजित चक्रधर समारोह को लेकर सीएम ने इसे छत्तीसगढ़ की संस्कृति और कला की पहचान बताते हुए कला-प्रेमियों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि महाराजा चक्रधर सिंह जी की स्मृति में आयोजित यह उत्सव परंपरा और भारतीय शास्त्रीय संगीत-नृत्य की धरोहर को नई ऊँचाई देता है।

अपने दक्षिण कोरिया दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सियोल में ATCA और ICCK प्रतिनिधियों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निवेश की अपार संभावनाओं से अवगत कराया।उन्होंने कोरियाई कंपनियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति 2024–30, प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर और समृद्ध खनिज संसाधन इसे वैश्विक उद्योगों का केंद्र बना सकते हैं।बस्तर में नक्सल विरोधी मोर्चे पर भी बड़ी सफलता मिली।बीजापुर में 81 लाख रुपए के 20 इनामी समेत 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार की पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों की कार्रवाई और जनता के विश्वास का परिणाम है, बस्तर तेजी से शांति और विकास की ओर बढ़ रहा है।इधर लगातार बारिश से प्रभावित बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों के हालात पर मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की समीक्षा की। 43 राहत शिविरों में 2,196 लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर प्रभावित परिवार तक तुरंत सहायता पहुँचेगी।




