
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस के रजत जयंती पदक का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति, सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियानों और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर की थी।इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 255 करोड़ रुपये की लागत से बने पुलिस आवासीय भवनों, थाना भवनों एवं 8 नए साइबर थानों का वर्चुअली लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाओं से पुलिसकर्मियों को सकारात्मक वातावरण मिलेगा और कार्यक्षमता बढ़ेगी। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए भविष्य में और भी साइबर थानों की स्थापना की जाएगी।




