Site icon Grand Gumber News

सीपत; किराना दुकान में अज्ञात व्यक्ति ने लगाई आग,खिड़की से जलती लकड़ी फेंकी, पुलिस जुटी जांच में

थाना सीपत क्षेत्र के ग्राम गुड़ी, लिमहाई पारा में अज्ञात व्यक्ति द्वारा किराना दुकान में जानबूझकर आग लगाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में दुकान में रखा 25 से 30 हजार रुपये मूल्य का जनरल सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गुड़ी निवासी अजय साहू, देव कुमार बिंझवार के किराये के मकान में किराना दुकान संचालित करता है। अजय साहू ने पुलिस को बताया कि 13 जनवरी सोमवार की रात करीब 8.30 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। इसके बाद रात करीब 12.30 बजे मकान मालिक देव कुमार बिंझवार ने फोन कर सूचना दी कि दुकान में आग लगी हुई है।

सूचना मिलते ही अजय साहू तत्काल दुकान पहुंचा, जहां आग लगी हुई थी। अजय साहू और मकान मालिक ने मिलकर पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखे तेल पाउच, साबुन, आटा, गुटखा पाउच, शक्कर, बिस्किट सहित अन्य जनरल सामान जलकर राख हो चुका था। केवल कुछ डिब्बों में रखा चॉकलेट, लड्डू और करीब 12 नग तेल पाउच ही बच पाए। प्रार्थी के अनुसार दुकान के बाहर कोई अज्ञात व्यक्ति आग जलाकर ताप रहा था, उसी आग से लकड़ी में पन्नी लपेटकर जानबूझकर दुकान की खिड़की के रास्ते अंदर फेंकी गई, जिससे आग भड़क उठी और भारी नुकसान हुआ। घटना को साजिशन आगजनी माना जा रहा है। थाना सीपत पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।

Exit mobile version