Site icon Grand Gumber News

सीपत क्षेत्र के जंगल में गुस्सैल दंतैल हाथी की दस्तक, आसपास के गांव में रतजगा और दहशत का माहौल।

एक बार फिर से वन क्षेत्र सीपत के ग्राम पंचायत बिटकुला और सोती के घने जंगलों में दंतैल हाथी के झुंड ने दस्तक दी है। इस खबर के बाद से आसपास के गांव में दहशत का माहौल है. वहीं सूचना पाकर वन विभाग भी मुस्तैद हो गया है। जानकारी मिल रही है कि पंतोरा के कटरा जंगल में 20 दिनों तक विचरण करने वाले दंतैल हाथी ने बुधवार की देर रात सीपत तहसील के बिटकुला गांव पहुंचकर कई किसानों की फसलों को नुकसान पहुँचाया। इसके बाद हाथी सोंठी के घने जंगलों की ओर बढ़ गया है। हाथी की आमद से सोंठी, निरतु, अदराली, बिटकुला, आमानारा, पैंगवापरा, जेवरा, खोंधरा, कुकदा, मड़ई, खम्हरिया, लुतरा और आसपास के बीस गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है। वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है इसकी पुष्टि गांव पैंगवापरा के निवासी पंच कार्तिक राम ने की है।

दरअसल उन्होंने रात लगभग 1 बजे अपने घर के बाड़ी में लगी फसल को नुकसान होते देखा। जब वे बाहर निकले तो सामने विशाल दंतैल हाथी को भुट्टा और गन्ना खाते हुए देखा।इससे घबराए कार्तिक राम तुरंत घर के अंदर चले गए। वहीं जानकारी मिल रही है कि कटरा सर्किल में दंतैल हाथी ने तीन मवेशियों को भी जान से मार डाला है। संभावना जताई जा रही है कि यही हाथी जांजगीर जिला के खिसोरा जंगल से निकलकर दो दिन पहले बलौदा वन परिक्षेत्र के नवापारा कटरा जंगल पहुंचा था और अब सीपत के सोंठी सर्किल के पास है। हाथियो की पुष्टि वन विभाग ने खेतों में मिले पैर के निशान और उसके मल से की है।फिलहाल उनकी तस्दीक की जा रही है।

Exit mobile version