Site icon Grand Gumber News

सीपत: खारुन नदी में बहे 16 वर्षीय अभिषेक का शव मिला

सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खजरी में गुरुवार को 16 वर्षीय अभिषेक ध्रुव खारुन नदी में नहाते समय तेज बहाव के कारण बह गया। यह घटना उस समय की है जब अभिषेक अपने दो दोस्तों के साथ शाम करीब 5 बजे नदी में नहाने गया था। अभिषेक जब नदी में नहा रहा था, तभी अचानक नदी में तेज बहाव आ गया। इस बहाव में अभिषेक बहने लगा उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण अभिषेक बह गया। अभिषेक के दोस्तों ने तुरंत इस दुर्घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी, जिन्होंने सीपत पुलिस को सूचना दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण खोजबीन के बावजूद अभिषेक का कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन शुक्रवार को पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से फिर से खोजबीन की। इस दौरान अभिषेक का शव घटनास्थल से लगभग 20 मीटर दूर जलकुम्भियों में फंसा हुआ पाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक ध्रुव स्व. दुर्गेश ध्रुव का पुत्र था। उसकी पढ़ाई आठवीं कक्षा तक हुई थी परिजनों ने बताया कि अभिषेक गूंगा था।

Exit mobile version