Site icon Grand Gumber News

सुकमा में 48 लाख के 15 नक्सलियों ने हथियार डाले, महिला नक्सलियों समेत कई बड़ी वारदातों में शामिल सदस्य हुए सरेंडर

सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के सामने एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में सक्रिय 15 नक्सलियों ने मंगलवार को आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। आत्मसमर्पित नक्सलियों पर कुल 48 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इनमें चार नक्सलियों पर सबसे अधिक आठ-आठ लाख रुपए जबकि दो पर पाँच-पाँच लाख रुपए का इनाम था। सभी नक्सलियों ने सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के समक्ष आत्मसमर्पण किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्मसमर्पितों में पाँच महिला नक्सली भी शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय थीं। बताया गया कि ये सभी नक्सली कई गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं और पुलिस तथा सुरक्षा बलों पर हमले की साजिशों का हिस्सा रह चुके हैं। प्रशासन द्वारा लगातार चलाए जा रहे पुनर्वास अभियान, सुरक्षा बलों का दबाव और मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन जीने की इच्छा ने इन नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने के लिए प्रेरित किया। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कदम क्षेत्र में शांति स्थापित करने में एक अहम भूमिका निभाएगा।

Exit mobile version