
सुशासन सप्ताह के तहत प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत तखतपुर ब्लॉक के छतौना ग्राम पंचायत में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर शासन की योजनाओं की जानकारी, पात्रता और आवेदन की सुविधा मिल रही है।

शिविर में छतौना सहित आसपास के 10 गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया, साथ ही अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के नए भवन का लोकार्पण भी किया गया।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसिकल प्रदान की गई, जिससे उनकी दैनिक जिंदगी आसान बनी।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने अन्नप्रासन और गोदभराई जैसे कार्यक्रम आयोजित किए। अधिकारियों ने जल संरक्षण, नशामुक्ति और साइबर ठगी से सतर्क रहने का संदेश देते हुए ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।




