
सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम परसाही निवासी महेश डहरिया को पुलिस ने अवैध सूदखोरी करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना लाइसेंस के क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को ब्याज पर उधार रकम देता था और बदले में उनकी मोटरसाइकिल और दस्तावेज गिरवी रखता था। प्रकरण में पुलिस ने उसके कब्जे से 19 मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिन्हें वह अवैध रूप से अपने बाड़ी में रखे था।शिकायत पंधी निवासी भागवत प्रसाद सूर्यवंशी की रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की गई। उसने बताया कि महेश डहरिया से रकम लेने पर उसे अपनी बाइक गिरवी रखनी पड़ी थी और एक महीने के भीतर ही आरोपी ब्याज के साथ गाड़ी के कागज़ात मांगने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे गाड़ी डुबाने और धमकाने की बात कही। डर के मारे उसने ब्याज भी चुका दिया लेकिन फिर भी कागज़ नहीं लौटाए गए।प्रार्थी की शिकायत पर बीएनएस और कर्जा अधिनियम की धारा के तहत एफआईआर दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि उसके पास न कोई लाइसेंस है, न कोई वैध दस्तावेज। वह लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को सूद पर रकम देकर मोटरसाइकिल गिरवी रखवाता और समय पर पैसे न लौटाने पर धमकाता था।पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सभी 19 मोटरसाइकिल जब्त कर ली हैं।आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक बलवीर सिंह, प्रमोद सिंह, संजीव जांगड़े, विवेक राय, सत्य पाटले और विकास यादव की सराहनीय भूमिका रही।




