Site icon Grand Gumber News

सेंदरी महामाया मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, सप्तमी पर भक्तों की भारी भीड़ मां कालरात्रि की पूजा के लिए दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु, गूंजा जय माता दी

मां महामाया मंदिर सेंदरी में चैत्र नवरात्रि की सप्तमी के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां से सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद मांगा।नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की आराधना का विशेष महत्व होता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूरे परिसर में भक्ति गीतों और जय माता दी के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते हुए दर्शन कर रहे थे।मंदिर में ज्योति कलश भी प्रज्ज्वलित किए गए हैं, जिनकी दिव्य आभा का भक्त दर्शन कर रहे हैं। मान्यता है कि ज्योति कलश के दर्शन और पूजन से विशेष फल की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से माता रानी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिसमें साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और भोग-प्रसाद वितरण शामिल रहा। समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई, जिससे नवरात्रि का यह पर्व भक्ति और आस्था के माहौल में संपन्न हो रहा है।

Exit mobile version