Site icon Grand Gumber News

स्कूली बच्चों से 50 किलो चावल ढुलवाने का वीडियो वायरल, हेडमास्टर पर आरोप

मस्तूरी विकासखंड के ग्राम सोन स्थित एक सरकारी प्राइमरी स्कूल का चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली छात्र साइकिल पर 50 किलोग्राम चावल की बोरी ढोते हुए दिख रहे हैं। यह चावल मध्यान्ह भोजन के लिए स्कूल तक पहुंचाया जा रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल की हेडमास्टर पुष्पा साहू पर आरोप है कि उन्होंने छात्रों से 50-50 किलोग्राम की चार बार में लगभग 2 क्विंटल चावल स्कूल तक लाने का काम कराया।इस काम के कारण बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है। बच्चों का कहना है कि स्कूल में पढ़ाई कराने के बजाय उनसे यह भारी काम करवाया जा रहा है।गांव के एक युवक ने इस घटना का वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है, हालांकि अब तक किसी ने इस मामले की आधिकारिक शिकायत नहीं की है।इस घटना ने बच्चों के शारीरिक और मानसिक शोषण की ओर इशारा किया है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग या प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है। प्रिंसिपल का कहना है कि यह वीडियो सितंबर महीने का है और कोई जानबूझकर उन्हें बदनाम करने के लिए इसे वायरल कर रहा है, यानी वह अब भी अपनी गलती मानने को तैयार नहीं।

Exit mobile version