
बिलासपुर :- थाना तारबाहर अंतर्गत भारत माता स्कूल के अंदर मंगलवार को चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कक्षा के दौरान दो छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद एक छात्र ने अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रों के बीच पहले भी मामूली बहस और झगड़ा हो चुका था। घटना वाले दिन विवाद फिर बढ़ा और अचानक हमलावर छात्र ने चाकू निकालकर अपने दोस्त पर हमला कर दिया। घायल छात्र के हाथ और पसली में चोट आई है, जिसके इलाज के लिए उसे सीटी स्कैन तक कराना पड़ा।पीड़ित छात्र के परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने घटना की सूचना उन्हें देर से दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा था और लगभग एक घंटे बाद ही बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया। इससे आक्रोशित परिजनों ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।घटना के बाद परिजनों और अभिभावकों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 17-18 साल के बच्चे स्कूल में चाकू लेकर कैसे दाखिल हो गए? यह स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो वे एसपी और कलेक्टर को ज्ञापन देंगे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




