
कोटा विकासखंड के खोंगसरा हायर सेकंडरी स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में भारी अव्यवस्था उजागर हुई। करीब 200 नामांकित छात्रों में से केवल 12 ही स्कूल पहुंचे थे, जिन्हें भी पढ़ाने के बजाय प्राचार्य ने छुट्टी देकर घर भेज दिया। निरीक्षण के दौरान अचानक स्कूल पहुंचे डीईओ डॉ. अनिल तिवारी ने जब यह स्थिति देखी तो तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि प्रभारी प्राचार्य श्री लहरें ने बिना आवेदन के अनुपस्थित 4 शिक्षकों की उपस्थिति पंजी में सीएल दर्शा दिया था। आवेदन पत्र मांगने पर शिक्षक बगलें झांकते नजर आए। इसके साथ ही स्कूल में न टाइम टेबल तैयार किया गया था, न पाठ्यक्रम पंजी संधारित थी। शिक्षकों की शैक्षणिक डायरी भी अधूरी पाई गई।डीईओ ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्राचार्य समेत 9 शिक्षक और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

अनुपस्थित शिक्षकों में एम. मीणा, सविता गांगुली, व्यायाम शिक्षक डॉ. किरण सरावगी और कर्मचारी डीके चतुर्वेदी शामिल हैं। कुछ शिक्षक उपस्थित तो थे, लेकिन कक्षाओं में पढ़ाने के बजाय आपस में गप्पें मारते मिले।इसके विपरीत खैरा स्कूल के निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। बच्चे उपस्थित थे, पाठ्यपुस्तकें वितरित हो चुकी थीं और छात्र उत्साहपूर्वक मध्यान्ह भोजन ग्रहण कर रहे थे। डीईओ ने इस स्कूल की व्यवस्था को अन्य विद्यालयों के लिए अनुकरणीय बताया।




