Site icon Grand Gumber News

स्टंटबाज युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार स्टंटबाजो पर पुलिस की नजर सख्त कार्रवाई के निर्देश

न्यू रिवर व्यू रोड पर कार की छत पर बैठकर खतरनाक स्टंट करने वाले दोनों रीलबाज युवकों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कुछ दिन पहले युवकों ने चलती कार के ऊपर बैठकर स्टंट करते हुए रील बनाई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद शहरभर में इस तरह के खतरनाक स्टंट को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई थी। पुलिस के मुताबिक, कार सवार ये दोनों युवक न्यू रिवर व्यू रोड में घूमते हुए बिना सुरक्षा उपायों के कार की छत पर चढ़ गए और सड़क पर स्टंट करना शुरू कर दिया। इस दौरान उनके साथी ने मोबाइल से पूरा वीडियो रिकॉर्ड किया। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर वायरल कर दिया गया। वीडियो में साफ दिख रहा था कि दोनों युवक ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए युवकों की तलाश शुरू की। कार का नंबर और अन्य तकनीकी सुराग के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान की और उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवकों ने माना कि उन्होंने रील बनाने के लिए यह स्टंट किया था। पुलिस ने स्टंट में उपयोग की गई कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही युवाओं को चेतावनी दी गई है कि सोशल मीडिया की रील और लाइक्स के चक्कर में इस तरह की हरकतें न करें, क्योंकि इससे उनकी जान के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी भी खतरे में पड़ती है। पुलिस ने अपील की है कि ऐसे खतरनाक स्टंट करते दिखने पर लोग तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।

Exit mobile version