Site icon Grand Gumber News

स्मार्ट मीटर लगाते वक्त करंट से झुलसा युवक, ठेकेदार पर लापरवाही का केस सुरक्षा उपकरण दिए बिना काम करवा रहा था ठेकेदार, घायल को अस्पताल से छुट्टी दिलाई

बिलासपुर के सरकंडा इलाके से एक लापरवाही का मामला सामने आया है। स्मार्ट मीटर लगाते समय एक बिजली कर्मचारी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने सुरक्षा उपकरण दिए बिना काम कराया और इलाज के दौरान उसे जबरन अस्पताल से छुट्टी दिलवा दी। 11 दिसंबर 2024 को अंबा पार्क इलाके में बिजली कंपनी ब्लू शॉप के अधीन काम कर रहे कर्मचारी शिवशंकर साहू स्मार्ट मीटर लगाने गया था। दोपहर करीब 12 बजे मीटर लगाते समय अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी से उसके कपड़ों में आग लग गई।हादसे में उसके पेट, छाती और दोनों हाथ झुलस गए। साथ काम कर रहे कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भर्ती किया गया। शुरुआत में उसकी हालत गंभीर बताई गई थी।इलाज के दौरान पांच दिन बाद ठेकेदार ऋषि गुप्ता ने इलाज बंद करवा दिया। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार ने खर्च का हवाला देते हुए कर्मचारी को जबरन अस्पताल से छुट्टी दिलवा दी।पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मीटर लगाने से पहले किसी भी तरह का सुरक्षा उपकरण नहीं दिया गया था। न तो दस्ताने थे, न ही सेफ्टी किट, जिससे यह हादसा हुआ। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने ठेकेदार ऋषि गुप्ता के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अन्य कर्मचारियों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

Exit mobile version