
सरकंडा की पॉश मानी जाने वाली स्वर्णिमा ऐरा कॉलोनी इन दिनों भीषण बिजली संकट से जूझ रही है। करीब एक सप्ताह से लगातार रात में बिजली गुल हो रही है, जिससे 200 से ज्यादा परिवारों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब है, वहीं दफ्तर जाने वाले लोगों की नींद और काम दोनों प्रभावित हो रहे हैं।स्थानीय रहवासियों ने कॉलोनाइजर और सीएसईबी की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि शुरू में बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। बिजली कटौती पर कई बार शिकायत की गई, मगर हर बार तकनीकी कारण बताकर बात टाल दी जाती है।नाराज कॉलोनीवासी अब विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दे रहे हैं। उनका कहना है कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरेंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि वे सिर्फ चुनाव के समय नहीं, अब भी जनता के बीच आकर समस्या का हल करें।




