Site icon Grand Gumber News

स्वास्थ्य मंत्री ने बिलासपुर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का किया निरीक्षण, 1 नवम्बर को उद्घाटन की घोषणा

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कोनी स्थित मल्टी स्पेश्यालिटी हास्पिटल का निरीक्षण किया।उन्होंने 31 अक्टूबर 2024 तक तमाम निर्माण, खरीदी एवं भर्ती के कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि राज्य स्थापना सप्ताह के दौरान इसका लोकार्पण किया जा सके। उन्होंने अस्पताल भवन एवं अब तक उपलब्ध की गई सुविधाओं का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की संयुक्त वित्तीय भागीदारी से लगभग 200 करोड़ रूपये की लागत से इस अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। छह गंभीर रोगों के मरीजों के इलाज के लिए इसमें 240 बेड की सुविधा है। विधायक सुशांत शुक्ला, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ भी इस अवसर पर उपस्थित थे।नया मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल ग्राउण्ड फ्लोर सहित 10 मंजिलों में बना है।

मंत्री ने सभी मंजिलों में बने सुविधाओं और मशीन उपकरणों का निरीक्षण किया। सिम्स के इस विस्तारित अस्पताल भवन में छह विशेषज्ञ वाले विभाग- नेफोलॉजी, यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, सीटीव्हीएस, न्यूरोलॉजी और न्यूरो सर्जरी शामिल हैं। भवन का निर्माण केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग और उपकरणों की खरीदी केन्द्र सरकार की एजेन्सी हाईट्स द्वारा की जा रही है। श्री जायसवाल ने अस्पताल शुरू करने के पहले फ़ायर ऑडिट और लिफ्ट की ऑडिट कराने लेने के निर्देश दिए। मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के ग्राउण्ड फ्लोर में रेडियोलॉजी एवं केजुअल्टी की व्यवस्था है। पहले और दूसरे मंजिल में ओपीडी, तीसरी मंजिल में प्रशासनिक भवन, चौथी मंजिल में ऑपरेशन थियेटर और कैथलैब, पांचवी मंजिल में सर्विसेस के साथ छठवें से दसवें तक मेडिकल वार्ड होंगे। उन्होंने अस्पताल में ट्रायल शुरू करने के निर्देश दिए ताकि जो कमियां सामने आएंगी उन्हें समय रहते सुधारा जा सके। उन्होंने समीप में ही बन रहे कैंसर इंस्टीट्यूट भवन की भी जानकारी ली और मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सिम्स का नया भवन भी इसी परिसर में बनेगा।राज्य सरकार द्वारा इसके लिए 700 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण करने के बाद बिलासपुर संभाग के सभी जिला चिकित्सालयो के संभागीय बैठक में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे।इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब दिया।स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उम्मीद जताई कि आचार संहिता लागू होने से पहले ही संभाग को यह सौगात सौंप दी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जो अस्पताल आयुष्मान कार्ड लागू नहीं कर रहे हैं, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।बहरहाल किसी मंत्री ने कोनी के नवनिर्मित हॉस्पिटल का शुभारंभ करने की बात पहली दफा नही की है।बल्कि इसके पहले भी कांग्रेस शासन में इसकी घोषणा पूर्व सीएम भूपेश बघेल एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टीएस बाबा कर चुके है।उसके बाद विधानसभा चुनाव में जीतकर आई बीजेपी ने भी लोकसभा चुनाव के पहले मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ कर बिलासपुर वासियों को बड़ी शौगात देने की बात कही थी।फिर इस बीच आचार सहिंता लागू हो गया और हॉस्पिटल का शुभारंभ नही हो पाया।इसी तरह बीजेपी शासन के स्वास्थ्य मंत्री ने इसकी शुरुआत 15 अगस्त को देश के आजादी के दिन करने की बात कही थी जो नही हो सकी।फिर से बिलासपुर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की शुरुआत आगामी 1 नवम्बर छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के दिन करने की घोषणा की है।

Exit mobile version