Site icon Grand Gumber News

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बिलासपुर दौरा…

छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार की शुरुआत के पहले ही दिन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एक्शन मोड में नजर आए। मंत्री जायसवाल ने बिलासपुर पहुंचने से पहले सेंदरी स्थित राज्य मानसिक चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया और अस्पतालों की हकीकत परखने के बाद अधिकारियों को मौके पर ही सख्त निर्देश दिए। राज्य मानसिक चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मानसिक रोगियों के वार्ड, चिकित्सकों के कक्ष और इलाज व्यवस्था का गहराई से जायजा लिया। गर्मी की शुरुआत को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तत्काल प्रभाव से सभी वार्डों में कूलर, पंखे और पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कोनी स्थित कैंसर हॉस्पिटल पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माणाधीन इमारत और चिकित्सा व्यवस्थाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए तय समयसीमा में निर्माण कार्य और सभी सुविधाएं पूर्ण होनी चाहिए।बाद में मंत्री जायसवाल ने सिम्स परिसर स्थित मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का दौरा किया। उनके स्वागत में डीन डॉ रमणेश मूर्ति, प्रभारी डॉ बीपी सिंह और स्वास्थ्य अमले ने पारंपरिक तिलक और आरती के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री ने अस्पताल के प्रत्येक यूनिट, स्पेशलिस्ट जांच कक्ष और उपकरणों की गहराई से समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान मंत्री मरीजों से भी घुले-मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सीधे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। जब कैश और पंजीयन काउंटर पहुंचे तो वहां मरीजों और कर्मचारियों की आवाज आर-पार न पहुंचने की शिकायत मिली। जिस पर मंत्री ने तत्काल उस काउंटर को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।स्वास्थ्य मंत्री ने सिम्स और जिला चिकित्सालय का भी औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एक-एक कमरे और वार्ड का निरीक्षण किया और गर्मी के मद्देनजर सभी मरीज वार्डों में कूलर, पानी और सफाई की व्यवस्था पुख्ता करने को कहा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सुविधाओं से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, सिम्स डीन डॉ. रमणेश मूर्ति, मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल प्रभारी डॉ. बीपी सिंह, अधीक्षक डॉ. लखन सिंह सहित वरिष्ठ चिकित्सक, बीजेपी नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य मंत्री ने साफ कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता प्रदेश की जनता को सस्ती, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का यह दौरा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि ज़मीनी सच्चाई को समझने और व्यवस्थाओं में सुधार की गंभीर कोशिश का संकेत था। मरीजों से सीधा संवाद, वार्डों की बारीकी से जांच और मौके पर दिए गए निर्देश यह साफ कर देते हैं कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूरी तरह सजग है। अब बारी सिस्टम की है, जो इस सक्रियता को अमल में लाकर जनता को राहत दे सके क्योंकि सुशासन का असली चेहरा तभी दिखेगा जब हर अस्पताल में व्यवस्था चाक चौबंद होगी और हर मरीज को मिलेगा बेहतर इलाज।

Exit mobile version