
छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में स्वर्गीय मिर्जा की स्मृति में राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 14 जिलों से आई टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन नॉकआउट आधार पर किया जा रहा है, जिसमें पहले दिन बिलासपुर और रायगढ़ के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें रायगढ़ की टीम ने जीत दर्ज की। कुल पांच मुकाबले निर्धारित किए गए हैं।आयोजन समिति ने बताया कि यह पहला आयोजन स्व. मिर्जा को समर्पित है, जो क्षेत्र की खेल और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व थे। प्रतियोगिता का उद्देश्य बिलासपुर की समृद्ध हॉकी परंपरा को फिर से जीवित करना है। राष्ट्रीय खेल हॉकी में बिलासपुर का गौरवशाली इतिहास रहा है और यहां से चार ओलंपियन देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जिनमें पूर्व भारतीय कप्तान लेस्ली क्लॉडियस का नाम प्रमुख है। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता भविष्य की हॉकी प्रतिभाओं के लिए नर्सरी साबित होगी और शहर में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगी।




