
फिटनेस का डोज़, आधा घंटा रोज़” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ‘फिट इंडिया ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व पुलिस विभाग द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य नागरिकों को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।यह साइकिल रैली प्रातः 9:00 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ हुई, जिसे पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई बायपास सेमरा तिराहा और कलेक्ट्रेट के सामने से गुज़रते हुए पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आकर संपन्न हुई।रैली की शुरुआत से पहले रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुर्रे द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जुंबा डांस के माध्यम से वॉर्मअप कराया गया, जिससे प्रतिभागियों में जोश और ऊर्जा का संचार हुआ।

इस रैली में लगभग 50 से 60 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया।रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। इसके साथ ही यह आयोजन पुलिस और आम नागरिकों के बीच सहयोग एवं संवाद को भी मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास रहा।प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, विशेष रूप से साइक्लिंग जैसी गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे ना केवल उनका व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुधरे, बल्कि वे पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकें।आज की तेज़ रफ्तार डिजिटल जीवनशैली में जहाँ लोग मोबाइल, टीवी और इंटरनेट में उलझे हुए हैं, वहाँ यह रैली एक सशक्त संदेश बनकर सामने आई कि प्रतिदिन मात्र आधे घंटे का व्यायाम हमें गंभीर बीमारियों जैसे मोटापा, मधुमेह, हृदय रोग आदि से बचा सकता है।




