
हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी के बावजूद प्रदेश में सड़क पर स्टंटबाजी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। ताजा मामला दुर्ग में सामने आया, जहां एनएसयूआई से जुड़े युवकों ने खुले कार गेट में खतरनाक स्टंट किया और उसका वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एनएसयूआई प्रभारी महा मंत्री समेत सभी युवकों को पकड़ लिया। यातायात कंट्रोल रूम में उन्हें कड़ी समझाइश दी गई, वहीं परिजन भी बच्चों की हरकत पर शर्मिंदा नज़र आए। जांच के दौरान एक वाहन से 50 से अधिक लाइटर और कई सिगरेट पैकेट मिले, साथ ही ब्लैक फिल्म हटाकर सामग्री जब्त की गई।यातायात विभाग ने स्टंटबाजों पर 40,000 रुपये से अधिक का चालान किया है और उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक कहा कि सड़क पर स्टंट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा क्योंकि यह खुद चालक और राहगीरों दोनों की जान को जोखिम में डालता है। पुलिस ने साफ किया कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि सोशल मीडिया लाइक्स की चाह में होने वाली जानलेवा हरकतों पर रोक लगाई जा सके।




