बिलासपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के धुरीपारा में होली के दौरान रंग लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामूली कहासुनी जल्द ही उग्र झड़प में बदल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होली के जश्न के बीच जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर रंग डाला, तो इस पर आपत्ति जताई गई। बात बढ़ते-बढ़ते इतनी गरम हो गई कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। बहस के बाद हाथापाई शुरू हो गई और फिर जमकर लाठियां चलने लगीं। झगड़े की सूचना पाकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन विवाद थमने की बजाय और भड़क गया। स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने झगड़े में घायल हुए लोगों को अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, लेकिन बावजूद इसके कुछ स्थानों पर विवाद सामने आए हैं।




