Site icon Grand Gumber News

13 फरवरी को निगम बजट, उससे पहले कांग्रेस ने बनाई सदन की रणनीति, सड़क, पानी और बुनियादी सुविधाओं पर भाजपा को घेरने की तैयारी

बिलासपुर नगर निगम का आगामी 13 फरवरी को बजट प्रस्तुत होना है। बजट सत्र से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दल अपने-अपने पार्षदों के साथ बैठक कर सामान्य सभा में अपनाई जाने वाली रणनीति को अंतिम रूप दे रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कांग्रेस पार्षद दल की बैठक तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित की गई।

बैठक में तय किया गया कि सामान्य सभा के दौरान कांग्रेस पार्षद अपने-अपने वार्डों से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और नगर निगम में सत्ता पर काबिज भाजपा से इन पर स्पष्ट जवाब मांगेंगे। खासतौर पर सड़क, पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई गई। कांग्रेस पार्षदों को निर्देश दिए गए कि वे अपने वार्डों की समस्याओं को ठोस तथ्यों और आंकड़ों के साथ सदन में रखें, ताकि मुद्दे मजबूती से सामने आ सकें।

बैठक में यह भी कहा गया कि सभी पार्षद एकजुट होकर सदन में भाजपा की रणनीति को समझें और उस पर प्रभावी जवाब देने के लिए पूरी तैयारी रखें। इस दौरान वरिष्ठ पार्षदों के साथ पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व महापौर और पूर्व सभापति भी मौजूद रहे। उन्होंने पार्षदों को सदन की कार्यवाही, सवाल उठाने की प्रक्रिया और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

Exit mobile version