Site icon Grand Gumber News

14 करोड़ की लागत से बनेगा मल्टीलेवल सब्जी बाजार, बृहस्पति बाजार को मिलेगा नया स्वरूप, ट्रैफिक जाम, अव्यवस्था, गंदगी और बदबू जैसी समस्याओं से मिलेगी निजात

शहर के ऐतिहासिक और व्यस्ततम बृहस्पति बाजार को अब आधुनिक पहचान देने की तैयारी तेज हो गई है। ट्रैफिक जाम, अव्यवस्था, गंदगी और बदबू जैसी समस्याओं से जूझ रहे इस बाजार को मल्टीलेवल सब्जी बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। नगर निगम की सामान्य सभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद डीएमएफ मद से लगभग 14 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।योजना के तहत वर्तमान बाजार को अस्थायी रूप से शनिचरी मार्ग स्थित गोंड़पारा के मुन्नूलाल शुक्ला स्कूल मैदान में स्थानांतरित किया जाएगा। यहां 242 पक्के चबूतरे तैयार किए जाएंगे और व्यापारियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से नोटिस जारी होने के बाद बाजार से जुड़े व्यापारियों में हलचल बढ़ गई है।व्यापारियों का कहना है कि स्थानांतरण के दौरान उनकी आजीविका प्रभावित न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था जरूरी है। खुले मैदान में धूल, शेड की कमी, पेयजल और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की जा रही है। उनका मानना है कि अस्थायी व्यवस्था भी सुव्यवस्थित और सुविधाजनक होनी चाहिए।नगर निगम का मानना है कि मल्टीलेवल बाजार बनने से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही बाजार क्षेत्र में स्वच्छता और सुव्यवस्था भी सुनिश्चित की जा सकेगी। नई संरचना के साथ बृहस्पति बाजार को एक व्यवस्थित और आधुनिक पहचान देने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।अब प्रशासनिक तैयारियों के बीच शहरवासियों और व्यापारियों की निगाहें इस बहुप्रतीक्षित बदलाव पर टिकी हैं, जो बिलासपुर के पारंपरिक बाजार को नए रूप में स्थापित कर सकता है।

Exit mobile version