
न्यायधानी बिलासपुर में 23 से 25 दिसंबर तक राज्य युवा महोत्सव-2025 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से 3100 युवा भाग लेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बहतराई स्थित राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में होने वाले इस आयोजन में जिला स्तरीय विजेता प्रतिभागी 14 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस में महोत्सव के पोस्टर का विमोचन करते हुए बताया कि राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीन दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां और कवि सम्मेलन भी आयोजित होंगे।




