
बिलासपुर राजकिशोरनगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई बड़ी लूट और उसके कुछ दिनों बाद सीपत में घटी घटना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में एसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासा गुड़ी स्थित चेतना हॉल में सराफा व्यापारियों की बैठक ली। बैठक में व्यापारियों को सुरक्षा के आवश्यक मानकों और सतर्कता संबंधी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक से पहले सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड के अंतरराज्यीय गिरोह को 24 घंटे के भीतर पकड़ने पर आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित ऑपरेशन गोल्ड में शामिल 11 सदस्यीय टीम का शॉल और मोमेंटो देकर सम्मान किया गया।

इस दौरान पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की गई कार्यक्रम की शुरुआत में अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि जिले की सबसे बड़ी लूट की घटना के आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर पुलिस ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, बेहतर समन्वय और टीम वर्क का परिणाम है।

इस ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग को भी सराहनीय बताया गया। आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई थी।

एडिशनल एसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी टीम ने रणनीति बनाकर तेजी से कार्रवाई की जिसके परिणामस्वरूप गिरोह पकड़ा गया और लूटा गया सामान सुरक्षित बरामद हुआ।

उन्होंने कहा कि आम जनता भी पुलिस व्यवस्था का अहम हिस्सा है और सभी को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए सतर्क रहना चाहिए।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बैठक में सराफा व्यापारियों को उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, दुकानों में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और सोना-चांदी के आभूषणों को रोजाना लाने-ले जाने से बचने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि बार-बार माल के परिवहन से जान और धन दोनों का जोखिम बढ़ता है इसलिए दुकान में सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जाए। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने आश्वासन दिया कि एसएसपी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन किया जाएगा और अप्रैल में होने वाले सदस्यता नवीनीकरण में नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।




