Site icon Grand Gumber News

300 करोड़ की अमृत योजना पर तकनीकी खामी भारी,शहर के कई वार्डों में पानी के लिए हाहाकार।

बिलासपुर। शहर के 9 वार्डों में शुक्रवार से केवल सुबह एक समय ही पानी की आपूर्ति की जाएगी। यह व्यवस्था 300 करोड़ रुपये की लागत से संचालित अमृत मिशन योजना में बार-बार आ रही तकनीकी खराबियों के चलते की जा रही है। नगर निगम के अनुसार सुधार कार्य में लगभग 5 से 7 दिन का समय लग सकता है जिसके कारण नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। व्यापार विहार पानी टंकी से जिन वार्डों में जलापूर्ति होती है, उनमें तारबाहर, विनोबा नगर, क्रांतिनगर, विद्यानगर, तालापारा, अज्ञेय नगर और हेमूनगर शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में शुक्रवार से केवल सुबह एक बार ही पानी मिलेगा। निगम ने नागरिकों से पानी का संयमित उपयोग करने की अपील की है। अरपा पार चांटीडीह क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए नगर निगम द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। यहां बोरिंग पंप और टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी ताकि लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना न करना पड़े। बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के वाल्व चेंबर में सुधार कार्य जारी है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने बताया कि अमृत मिशन के डब्ल्यूटीपी में ग्रेविटी फोर्स कम होने के कारण पाइपलाइन में लीकेज आ गया है जिससे जलापूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version