
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह 4 दिसंबर को आयोजित होने जा रहा है। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई, जिसमें कुलपति ने कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। कुलपति के अनुसार इस बार 63 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी, जबकि 66 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिलेंगे। विश्वविद्यालय ने दानदाताओं द्वारा दिए गए मेडल भी शामिल किए हैं, जिसके बाद कुल 92 मेडल विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे।

इस बार का दीक्षांत समारोह विशेष इसलिए भी है क्योंकि इसमें देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।इस दीक्षांत समारोह को दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। पहले सत्र में पूर्व राष्ट्रपति विद्यार्थियों को उपाधि एवं सम्मान प्रदान करेंगे, जबकि दूसरे सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति और अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति मेडल वितरण करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस बार विश्वविद्यालय ने एक नई पहल करते हुए दूसरी से दसवीं मेरिट लिस्ट में शामिल विद्यार्थियों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय का मानना है कि यह कदम विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगा तथा आगामी वर्षों में और अधिक संख्या में विद्यार्थी प्रथम स्थान प्राप्त करने की दिशा में प्रयासरत होंगे।




