Site icon Grand Gumber News

6 जनवरी को बिलासपुर नगर निगम की समीक्षा बैठक लेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विकास परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं पर होगा मंथन, नए प्रोजेक्ट्स की उम्मीद

आगामी 6 जनवरी को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिलासपुर नगर निगम की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेने जा रहे हैं। इस बैठक में बिलासपुर नगर निगम की महापौर, आयुक्त, निगम के समस्त अधिकारी-कर्मचारी सहित जिला कलेक्टर भी शामिल रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर रणनीति तय करना है।बैठक के दौरान सड़क, जलापूर्ति, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, आवास, नाली-नाला निर्माण सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही यह भी मंथन होगा कि आने वाले समय में बिलासपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र में विकास की गति को और कैसे तेज किया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद नगरीय विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार की मंशा है कि शहरों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाए और नई योजनाओं के माध्यम से नागरिक सुविधाओं का विस्तार हो। ऐसे में मुख्यमंत्री की यह समीक्षा बैठक बिलासपुर के विकास की दिशा तय करने में अहम मानी जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक से कई ठोस निष्कर्ष और सुझाव सामने आएंगे, जिससे भविष्य में बिलासपुर को नए प्रोजेक्ट और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

Exit mobile version