
श्री रामलला दर्शन योजना के तहत बुधवार को बिलासपुर संभाग से 850 श्रद्धालु अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। इनमें से 225 श्रद्धालु बिलासपुर जिले से हैं। इन श्रद्धालुओं को लेकर भारत गौरव विशेष ट्रेन को जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, मोहित जायसवाल सहित जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।अयोध्या धाम यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं का बिलासपुर रेलवे स्टेशन में भव्य स्वागत किया गया। गाजे-बाजे, पारंपरिक नृत्य और तिलक लगाकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। यात्रियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए इसे जीवन का अविस्मरणीय अवसर बताया।इस विशेष यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या के साथ-साथ काशी विश्वनाथ का भी दर्शन करेंगे। सरकार की इस योजना में श्रद्धालुओं को यात्रा, भोजन, ठहरने और मंदिर दर्शन की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मियों और चिकित्सकों का दल भी शामिल किया गया है। प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित और सुखद यात्रा का भरोसा दिलाया है।




