8 मार्च शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इस दिन अपने-अपने क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं के समाज में योगदान को नमन किया गया लेकिन इसी समाज में हाशिये पर मौजूद वह बुजुर्ग महिलाएं भी हैं जो किसी कारण से अपने और अपने घर से दूर किसी वृद्ध आश्रम में रहने को विवश है । इनके जीवन में खुशियां कभी-कभी ही बड़ी मुश्किल से आती है। कहते हैं खुशियां बांटने से बढ़ती है और जिन्हें खुशियों की सबसे अधिक आवश्यकता हो उनके बीच अगर जाकर खुशियां मनाई जाए तो उसका उल्लास कुछ और होता है। इसी भावना के साथ बिलासपुर की समाजसेवी संस्था आदर्श पंजाबी महिला संस्था की पदाधिकारियो और सदस्यों ने शनिवार को जोरा पारा सरकंडा स्थित सुवानी वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रहने वाली माताओ के बीच यह खास दिन मनाया। वृद्धाश्रम में रहने वाली सभी महिलाओं को गुलाब भेंट कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर सभी ने मिलकर केक काटा और उल्लास का प्रदर्शन किया। अपने बीच आदर्श पंजाबी महिला संस्था की सदस्यों को पाकर इन बुझे हुए चेहरों पर भी रौनक आ गई। वृद्धआश्रम में रहने वाली महिलाओं ने भजन गाकर और उस पर नृत्य कर अपनी भावनाओं का प्रदर्शन किया।

आदर्श पंजाबी महिला संस्था द्वारा बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान किया गया, साथ ही संस्था की केयरटेकर गायत्री तिवारी को भी शॉल श्रीफल भेंटकर उन्हें सम्मानित किया गया। यहां सम्मानित करने वाले भी और सम्मान पाने वाले भी दोनों ही गदगद नजर आए।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आदर्श पंजाबी महिला संस्था की सदस्यों ने सुवानी वृद्ध आश्रम में बुजुर्ग निराश्रित महिलाओं के साथ यह खास दिन मनाया। संस्था की महिलाओं ने बुजुर्ग माताओं के साथ समय बिताकर न केवल उन्हें खुशियां दीं, बल्कि उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपयोगी सामग्री भी प्रदान की, जिनमे रोजमर्रा की उपयोगी सामग्री, खाने-पीने की वस्तुएं, दवाएं, वस्त्र आदि शामिल थे।
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आदर्श पंजाबी महिला संस्था की अध्यक्ष पम्मी गुंबर, संस्थापिका शशि आहूजा,सचिव श्रद्धा खंडूजा,कोषाध्यक्ष रेशम कौर गंभीर,ज्योति खंडूजा,नीतू चावला, लक्की चावला,मीनू भोगल, रूबी वाधवा पूर्व अध्यक्ष दलजीत कौर सलूजा ने सुवानी वृद्धाश्रम जोरापारा सरकंडा पहुंच कर वहां रह रही महिलाओ के बीच महिला दिवस सेलीब्रेट किया और वृद्ध महिलाओ की देखभाल कर रही वार्डन गायत्री तिवारी को शाल श्रीफल,स्मृति चिन्ह एंव नये वस्त्र देकर सम्मानित किया। यहां सभी 16 महिलाओ को नये वस्त्र,नेपकिन,राशन आटा,चावल,शक्कर,चाय पत्ती,छाछ,फल,बिस्किट, गुझिया,चाकोली,एवं साबुन, बाम,आयोडेक्म सभी जरूरत का सामान दिया गया। जिससे यहां रह रही निराश्रित महिलाओ की खुशी देखते ही बनती थी। आदर्श पंजाबी महिला संस्था द्वारा केयर-टेकर गायत्री से केक भी कटवाया गया। महावीर बरगाह ने संस्था का बहुत बहुत धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया।
संस्था की अध्यक्ष ने बताया कि यह पहल बुजुर्ग माताओं को यह अहसास कराने के लिए की गई कि वे समाज के लिए बोझ नहीं, बल्कि सम्मान और स्नेह की पात्र हैं। संस्था की अन्य सदस्यों ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे और भविष्य में भी वृद्धाश्रम की महिलाओं के साथ समय बिताने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से बुजुर्ग महिलाओं को विविध उपयोगी सामग्री, खाद्य पदार्थ एवं उपहार प्रदान किए गए। वृद्धाश्रम की महिलाओं ने संस्था की इस पहल की सराहना की और सभी को आशीर्वाद दिया।
इस आयोजन ने न केवल महिला दिवस का महत्व बढ़ाया बल्कि समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत किया।