
सकरी थाना क्षेत्र से सामने आए एक दुष्कर्म के मामले में पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों ने पुलिस की भूमिका और कथित राजनीतिक दबाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता के अनुसार, जिस व्यक्ति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। महिला का दावा है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और राजनीतिक कार्यक्रमों में भी दिखाई दे रहा है, जबकि पुलिस रिकॉर्ड में उसे फरार बताया जा रहा है।पीड़िता महिला ने अपनी शिकायत और वीडियो बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी, जो एक जनप्रतिनिधि का पति बताया जा रहा है, लंबे समय से जान-पहचान का फायदा उठाकर उसे परेशान कर रहा था। महिला के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में उसके साथ जबरन घर में घुसकर दुष्कर्म किया गया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। डर और सामाजिक दबाव के चलते वह जनवरी 2026 में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा सकी। महिला का यह भी आरोप है कि एफआईआर के बाद आरोपी थाने आया जरूर, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया गया।पीड़ित का कहना है कि आरोपी और उसके परिजनों की कथित धमकियों के चलते उन्हें घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है और एक बच्ची की पढ़ाई तक प्रभावित हुई है। महिला ने पुलिस और न्यायालय को सबूत सौंपने का दावा करते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी होने की बात कही जा रही है।




