
जांजगीर‑चांपा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लूट व उठाईगिरी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने बिहार के कटिहार निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो राज्य के अलग-अलग जिलों में बैंक से पैसे निकालने वालों को निशाना बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।मामले की शुरुआत थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में 2.5 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट से हुई। जांच के दौरान साइबर टीम ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक करते हुए उन्हें बिलासपुर के एक लॉज से पकड़ा। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे बैंक में रकम निकालने वाले बुजुर्ग और महिलाओं की रेकी कर पीछा करते थे और मौका मिलते ही लूट कर फरार हो जाते थे।जांच में सामने आया कि गिरोह ने अंबिकापुर, रायगढ़, कोरबा और सारंगढ़ समेत कई जिलों में कुल सात वारदातों में करीब 9.83 लाख रुपये लूटे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल, नकदी, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और केंवाच पाउडर बरामद किया है।पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बड़ी रकम निकालते समय सावधानी बरतें, अनजान लोगों से दूरी रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।




