
तारबाहर क्षेत्र में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री नवीन मसीह की गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि नवीन मसीह ने राकेश मसीह नाम के बुजुर्ग के घर में घुसकर मारपीट की और महिलाओं से अभद्रता की। वीडियो में महिलाएं चीखती-चिल्लाती नजर आ रही हैं, जबकि बीजेपी नेता हाथ में डंडा लेकर खुलेआम तांडव करता दिखाई दे रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नवीन मसीह लंबे समय से मोहल्ले में दबंगई कर रहा है और खुद को नेता बताकर लोगों को डराता है। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देता है। पीड़ितों का कहना है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने पहले कोई कार्रवाई नहीं की और उल्टा उन्हें ही थाने में घंटों बैठा दिया गया।हालांकि जब यह वीडियो वायरल हुआ और मामला मीडिया में आया, तब जाकर पुलिस हरकत में आई और नवीन मसीह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ एक जमीन का पुराना विवाद है, लेकिन मोहल्लेवासियों का कहना है कि नवीन मसीह पहले भी कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है और राजनीतिक रसूख के चलते अब तक बचता आया है।




