
तारबाहर थाना क्षेत्र में एक छात्र के साथ मारपीट और धारदार हथियार से हमले की एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। मामला 2 मई की रात का है, जब 12वीं का छात्र विकास अपने दोस्त के साथ दर्शन कर लौट रहा था, तभी मोहल्ले के प्रिंस और भुरू खंडे ने उसे रोककर विवाद किया और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। छात्र की मां की शिकायत पर FIR तो दर्ज कर ली गई, लेकिन पुलिसिया कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।इस मामले में पीड़ित पक्ष अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। आरोप है कि आरोपी पक्ष न सिर्फ खुलेआम घूम रहा है बल्कि सोशल मीडिया पर धमकियां देकर दहशत फैला रहा है। एक पोस्ट में कहा गया है कि 10 तारीख के बाद बताएंगे हम क्या कर सकते हैं।जिससे पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल है।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस इस मामले में लापरवाही बरत रही है। उन्होंने कहा कि FIR दर्ज हुए कई दिन हो चुके हैं, लेकिन न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही सुरक्षा की कोई ठोस व्यवस्था की गई है। अब पीड़ित परिवार न्याय और सुरक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाने की तैयारी में है।




