Site icon Grand Gumber News

NH पर फिल्मी स्टाइल में बर्थडे सेलिब्रेशन, आतिशबाजी और स्टंट… 12 गिरफ्तार कांग्रेस नेता का बेटा सहित कारोबारियों के बेटे हिरासत में, तीन कार जब्त

हाईकोर्ट की कड़ी हिदायतों और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद बिलासपुर में स्टंटबाजी और सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन का ट्रेंड थमने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार देर रात सकरी-पेंड्रीडीह बाइपास स्थित यादव ढाबा के सामने नेशनल हाईवे पर तीन कारें अड़ाकर आतिशबाजी के बीच फिल्मी अंदाज में केक काटते हुए 12 लड़कों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा। सभी पर हाईवे जाम कर यातायात बाधित करने और वाहन नियमों के उल्लंघन का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, तखतपुर के कांग्रेस नेता और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजय देवांगन के बेटे सुजल देवांगन का जन्मदिन था, जिसे दोस्तों के साथ रात में हाईवे पर मनाया गया। पुलिस पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी आरोपी पकड़े गए। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285 व मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। तीनों कार जब्त कर लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया की जा रही है। गिरफ्तार युवकों में सुजल देवांगन सहित सागर मनचंदा, राजवीर हुरा, प्रिंस गागवानी, साहिल सचदेव, उत्कर्ष खरे समेत अन्य शामिल हैं।

Exit mobile version