
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 31वें दिन भी जारी रही। सरकार के अल्टीमेटम के बावजूद कर्मचारियों ने आदेश की प्रतियां जलाकर और मुंडन कराकर विरोध जताया।बिलासपुर में कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर खिचड़ी का भोग बनाकर लोगों में प्रसाद बांटा। संगठन ने ऐलान किया है कि 18 सितम्बर को रायपुर में प्रदेशस्तरीय जेल भरो आंदोलन किया जाएगा, जिसमें 16,500 कर्मचारी शामिल होंगे।
कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सचिव और सीएमएचओ के उस आदेश का विरोध किया है, जिसमें कार्यभार ग्रहण न करने वालों को सेवा से पृथक करने की चेतावनी दी गई थी। उनका कहना है कि चाहे बर्खास्तगी हो जाए, वे आंदोलन जारी रखेंगे।नियमितीकरण और ग्रेड पे कर्मचारियों की प्रमुख मांग है। 18 अगस्त से जारी हड़ताल के चलते जिला अस्पताल से लेकर पीएचसी और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
